वीबी जी राम जी आजीविका डबरी मिशन से बरातु सिंह को मिला आजीविका का नया आधार ।

Public news surguja, com

डबरी में मत्स्य विभाग ने उपलब्ध कराया मछली बीज, परिवार की आय बढ़ाने की दिशा में बढ़ाया कदम

अम्बिकापुर, 14 अगस्त 2026/ जिले में ग्रामीण परिवारों को आजीविका के स्थायी साधनों से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित विकसित भारत जी राम जी आजीविका डबरी मिशन ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन रहा है। योजना के तहत ग्राम पंचायत परसा, विकासखंड अम्बिकापुर निवासी श्री बरातु सिंह पोया के लिए डबरी का निर्माण कराया गया है। लगभग 35 मीटर x 35 मीटर क्षेत्रफल में निर्मित इस डबरी में अब मछली पालन की शुरुआत हो गई है।

डबरी निर्माण के बाद मत्स्य विभाग द्वारा श्री बरातु सिंह को मछली बीज (फिंगरलिंग्स) उपलब्ध कराया गया। मछली बीज मिलने से अब वे डबरी में मछली पालन कर अपनी आजीविका को मजबूत करने और परिवार की आमदनी बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

श्री बरातु सिंह पोया ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वीबी जी राम जी आजीविका डबरी मिशन के तहत उनका डबरी बना है। लगभग 35 बाई 35 मीटर क्षेत्र में डबरी तैयार होने के बाद आज मत्स्य विभाग से उन्हें मछली बीज मिला है। वे मछलियों का बेहतर तरीके से पालन करेंगे और इससे अपनी आजीविका तथा आमदनी बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे घर-परिवार के खर्चों को पूरा करने में मदद मिलेगी और आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि वे अपने गांव के अन्य लोगों को भी इस योजना की जानकारी देंगे, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण योजना का लाभ लेकर अपनी आजीविका को मजबूत कर सकें। उन्होंने कहा कि योजना से मिलने वाला लाभ केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे गांव के अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी आजीविका के नए साधनों से जुड़ सकेंगे।
श्री पोया ने डबरी निर्माण एवं मछली बीज उपलब्ध कराने के लिए शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि शासन की ऐसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अपने गांव में ही रोजगार और आय का साधन उपलब्ध हो रहा है।

मछली पालन से बढ़ेगी अतिरिक्त आय
डबरी में मछली पालन शुरू होने से श्री पोया को आने वाले समय में मछली उत्पादन के माध्यम से अतिरिक्त आय प्राप्त होगी। इससे उन्हें अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।

वीबी जी राम जी आजीविका डबरी मिशन के माध्यम से डबरी निर्माण और मत्स्य विभाग के सहयोग से मछली बीज उपलब्ध कराने की पहल ग्रामीण परिवारों को कृषि एवं पारंपरिक गतिविधियों के साथ-साथ मत्स्य पालन जैसी लाभकारी गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों को अपनी उपलब्ध भूमि एवं जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आय के अतिरिक्त साधन विकसित करने का अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *