

:- पुलिस मुख्यालय रायपुर से जारी निर्देशों के अनुपालन में सरगुजा जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों से 43 सदस्यीय दल किया गया था रवाना।
:- माननीय प्रधानमंत्री जी की उपस्थिति में दल एकतानगर में आयोजित भव्य राष्ट्रीय एकता परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हुए शामिल।
:-‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ दर्शन, वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ व नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की सफलताओं के बने प्रत्यक्ष साक्षी।
पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में, छत्तीसगढ़ राज्य के 14 जिलों के नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल कराने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में जिले के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के नागरिकों को राष्ट्रीय चेतना और मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से 43 सदस्यीय दल को गुजरात के एकतानगर स्थित ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ समारोह के लिए रवाना किया गया था। यह दल समारोह के ऐतिहासिक क्षणों का साक्षी बनकर और राष्ट्रीय एकता व अखंडता का संदेश लेकर वापस लौट रहा है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस भव्य राष्ट्रीय समारोह में सरगुजा जिले के लुंड्रा, धौरपुर, मैनपाट, उदयपुर, केदमा, बतौली एवं सीतापुर थाना-चौकी क्षेत्रों के चयनित नागरिक शामिल हुए। 28 अक्टूबर 2026 को विशेष ट्रेन से रवाना हुआ यह दल 30 अक्टूबर को गुजरात के एकतानगर पहुंचा।
यात्रा की प्रमुख झलकियां:- 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के दर्शन: 30 अक्टूबर की सुबह दल ने विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा का भ्रमण कर सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को नमन किया। वहीं शाम को देशभक्ति पर आधारित ‘मां ने फिर बुलाया है’ (आनंद मठ) नाट्य प्रस्तुति का आनंद लिया।
माननीय प्रधानमंत्री की मौजूदगी में भव्य परेड:- 31 अक्टूबर को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में दल ने हिस्सा लिया। देश के विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस टुकड़ियों के शौर्य, कदमताल और अनुशासन को देखकर सरगुजा के नागरिक रोमांचित हो उठे।
नक्सलवाद के खिलाफ सफलताओं का प्रदर्शन:- वर्ष 2026 के इस समारोह में सशस्त्र नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों की ऐतिहासिक उपलब्धियों और शांति स्थापना के प्रयासों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया, जो सरगुजा संभाग के नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां:- वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने संपूर्ण माहौल को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने राष्ट्रीय स्तर के इस विशाल और गरिमामयी आयोजन को इतने करीब से देखने और अनुभव करने वाले दल के सभी 43 सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय आयोजनों में सहभागिता से नागरिकों में राष्ट्र निर्माण, देश की अखंडता और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान की भावना सुदृढ़ होती है। यह दल अब अपने-अपने क्षेत्रों में लौटकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और देशभक्ति के पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगा।
