होली मिलन समारोह 2025: उमंग, उल्लास और संगठन की शानदार प्रस्तुति।

होली के रंगों की भांति भाजपा सरगुजा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में भी हर्ष, उल्लास और सौहार्द के विभिन्न रंग देखने को मिले। 13 मार्च 2025 को अंबिकापुर स्थित राजमोहनी देवी भवन के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच स्नेह व एकता का एक अनोखा संगम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की भव्यता और विविधता
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से हुआ, जिसमें संगीत संध्या ने समां बांध दिया। लोकप्रिय गायक संजय सुरीला और गोपाल पांडेय की मधुर प्रस्तुति ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। इसके पश्चात बरसाने की फूलों की अद्भुत होली ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। फूलों की वर्षा के बीच उपस्थित जनसमूह आनंद में सराबोर हो गया। वहीं समारोह के सबसे आकर्षक सत्र काव्य पाठ में विनोद हर्ष ‘जटिल’ एवं संतोष दास ‘सरल’ ने अपनी कविताओं से समां बांधा। उनकी रचनाओं में हास्य, व्यंग्य और सामाजिक संदेश का सुंदर समावेश था ! दल के ही नेताओं को लक्षित कर बनाई गई छोटी-छोटी रचनाओं ने वहां उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति को पेट पकड़कर हंसने के लिए मजबूर कर दिया ! इस दौरान मुर्खाधिराज, महामूर्खाधिराज तथा मुर्खाधिपति का चयन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा जिसमें महामुर्खाधिराज गोल्डी बिहाड़े, मुर्खाधिराज जन्मेजय मिश्रा तथा मुर्खाधिपति मधुसूदन शुक्ला चुने गए। तीनों चयनित अतिथियों का सब्जियों की माला से स्वागत पश्चात हास्यपूर्ण चित्रों की स्मृति चिन्ह भेंट की गई जिस पर उपस्थित दर्शकों ने खूब ठहाके लगाए। इसके बाद कार्यक्रम में आई मसान होली, जिसे विष्णु कुशवाहा एवं उनकी टीम ने अपनी कला से जीवंत कर दिया। यह अनूठी परंपरा, जो काशी के प्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट से प्रेरित है, ने लोगों को भक्ति और संस्कृति से जोड़ दिया।अंत में, फाग व्यंजन की प्रस्तुति ने इस सांस्कृतिक संध्या को और भी रोचक बना दिया, जहां पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद हर किसी के चेहरे पर मुस्कान ले आया।
नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में भाजपा सरगुजा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लूंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, ओबीसी मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, आरएसएस विभाग प्रचारक हेमंत नाग, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरपाल सिंह भामरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष अंबिकेश केशरी तथा जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार बंसल, फुलेश्वरी सिंह तथा अरुणा सिंह सहित अन्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से इस समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन विनोद हर्ष एवं संतोष दास ने किया, जिनकी वाणी ने पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा और रोचकता बनाए रखी। नेताओं ने अपने संबोधन में होली के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।
समारोह का संदेश: संगठन, संस्कृति और सौहार्द
यह होली मिलन समारोह केवल रंगों का खेल नहीं था, बल्कि इसमें भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा—संस्कृति, संगठन और सौहार्द का अद्भुत समावेश देखने को मिला। कार्यक्रम ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को आपसी मेलजोल बढ़ाने और एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
समापन के साथ ही सभी ने यह संकल्प लिया कि वे समाज में प्रेम, भाईचारे और संगठन की मजबूती के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे। इस तरह, यह कार्यक्रम न केवल एक पर्व का उल्लास था, बल्कि एकता, समरसता और संगठन की भावना को प्रबल करने का एक सफल प्रयास भी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *