
आज दिनांक 06/08/2025 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रघुनाथपुर में पालक-शिक्षक संघ की बैठक का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एस.एम.डी.सी. के अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह एवं सभी सम्माननीय पालकगण उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से समस्त अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया गया।
बैठक के दौरान पालक-शिक्षक संघ हेतु एक समिति का गठन सर्वसम्मति से किया गया। इसमें श्री रामाशंकर यादव को अध्यक्ष तथा श्री रामचरण, श्री बालकुमार, श्री श्यामनारायण पैंकरा, श्री संतोष दास, श्रीमती सुचिता माणिकपुरी, श्री गोपाल, श्री देवधर प्रसाद, श्री सौताम पैंकरा एवं श्री दुर्योधन यादव को पालक सदस्य नामांकित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित थे। बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, मोबाइल फोन प्रतिबंध, गृहकार्य का अवलोकन पालकों द्वारा किया जाना एवं उसके उपरांत घर में पढ़ाई योग्य वातावरण सुनिश्चित करना, तथा आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र निर्माण से संबंधित जानकारी साझा की गई।
कुछ पालकों द्वारा अपने पाल्य की व्यक्तिगत समस्याओं को भी साझा किया गया। शासन की योजनाओं जैसे “सरस्वती साइकिल योजना” एवं “छात्रवृत्ति योजना” की जानकारी भी दी गई। विद्यालय परिवार की ओर से आश्वस्त किया गया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। यह भी अवगत कराया गया कि यदि कोई विद्यार्थी बिना सूचना या अनुचित कारणों से लगातार अनुपस्थित रहता है, तो तीन बार सूचना देने के उपरांत उसका नाम काटा जा सकता है।
मुख्य अतिथि श्री महेन्द्र सिंह ने सभी पालकों से अपने पाल्य की नियमित निगरानी करने एवं उनके लक्ष्य निर्धारण में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने पालकों से विद्यालय की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस एवं ईको क्लब के विद्यार्थियों द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। लगभग 250 से अधिक पालकों की उपस्थिति से ऑडिटोरियम पूरी तरह भरा हुआ था, जिससे इस पालक-शिक्षक संघ सम्मेलन को अत्यंत सफलता मिली।
अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री संजीव कुमार चौबे ने सभी अतिथियों एवं पालकों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम की समापन घोषणा की।
