





Public news surguja, com।
नवीन मेडिकल कॉलेज के संपूर्ण निर्माण कार्य के प्रोजेक्ट को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए
विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन एवं आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने दिए आवश्यक निर्देश
बच्चों से सहज संवाद कर जानी समस्याएं, खेल सामग्री एवं कंप्यूटर शिक्षक की व्यवस्था के निर्देश
अम्बिकापुर, 12 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव ने नवीन मेडिकल कॉलेज गंगापुर के निर्माण कार्य, लुण्ड्रा विकासखण्ड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं एकलव्य आवासीय विद्यालय सहनपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य, विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक, आवासीय, स्वास्थ्य, भोजन एवं खेलकूद संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नवीन निर्माणधीन मेडिकल कॉलेज गंगापुर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत के सर्विसेज गैस पाइप, एचवीएसी(डक्ट), फायर फाइटिंग, फायर अलार्म संबंधित कार्य को शीघ्र पूर्ण करने निर्देश दिए जिससे भवन के सिविल कार्य करने में रुकावट ना हो । साथ ही उन्होंने सिविल कार्य के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दिसंबर 2027 तक नवीन मेडिकल कॉलेज के सभी प्रोजेक्ट कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्यस्थल पर बाल मजदूरों को कार्य में नहीं रखने तथा कार्य स्थल पर सूचना पटल अंकित करने के निर्देश दिए हैं।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय लुण्ड्रा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने सीपेज वाली छत की सफाई कराने तथा छात्रावास के पीछे जलभराव वाले स्थान का भराव कर समतलीकरण कराने के निर्देश जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए। उन्होंने कमरों में लगी तिरपाल को हटाकर प्रोफाइल शीट लगाने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी
कलेक्टर श्री वसंत ने विद्यार्थियों से सहज संवाद करते हुए विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता, भोजन व्यवस्था, खेलकूद की सुविधाओं, अभिभावकों से संपर्क तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक छात्रा की आंखों के उपचार की आवश्यकता की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने शंकर नेत्रालय, हैदराबाद में उपचार के लिए आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के लिए खेल सामग्री एवं किक बॉक्सिंग सामग्री उपलब्ध कराने तथा कंप्यूटर शिक्षा के लिए डीएमएफ मद से शिक्षक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
एकलव्य विद्यालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने एकलव्य आवासीय विद्यालय सहनपुर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने साहित्य अकादमी एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित रचनाकारों की पुस्तकों को विद्यालय की लाइब्रेरी में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ खेल एवं संगीत जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। छोटे कक्षाओं के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने रैगिंग एवं किसी भी प्रकार से विद्यार्थियों को परेशान किए जाने की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्यालय की भोजन व्यवस्था का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। विद्यार्थियों की मांग पर विद्यालय में सोलर गीजर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए विद्यार्थियों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान इस दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ अविनाश मिश्रा, मेडिकल कॉलेज अधीक्षक श्री आर सी आर्य, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, एसडीएम श्री विनय सोनी, तहसीलदार श्री तुषार सहित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
