जमगला धान खरीदी केंद्र में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल ने किया धान खरीदी का शुभारंभ।

Public news surguja, com

1,439 पंजीकृत किसानों को मिलेगा समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का लाभ, किसानों की सुविधा के लिए केंद्र में की गई आवश्यक व्यवस्थाएं

अम्बिकापुर, 16 नवंबर 2026) खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सरगुजा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य उत्साहपूर्वक जारी है। इसी क्रम में जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत धान खरीदी केंद्र जमगला के आदिमजाति सहकारी सेवा समिति केंद्र में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया साथ किसानों से संवाद कर धान खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली तथा किसानों को शासन की व्यवस्थाओं का लाभ उठाते हुए सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज विक्रय करने के लिए प्रोत्साहित किया।

जमगला धान खरीदी केंद्र में कुल करीब 1,439 किसान पंजीकृत हैं। इन किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जाएगा। धान खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी की पारदर्शी एवं सुगम व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और धान विक्रय की प्रक्रिया सरल हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधन को निर्देशित किया कि केंद्र में आने वाले किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं तथा पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित करें।

इस वर्ष भी धान खरीदी प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए डिजिटल व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया गया है। ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे किसानों को समिति केंद्रों में अनावश्यक चक्कर लगाने और लंबी कतारों में इंतजार करने से राहत मिल रही है।

धान खरीदी केंद्र जमगला में शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं समिति के सदस्यों ने शासन की धान खरीदी व्यवस्था की सराहना की। कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी एवं समिति प्रबंधन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *