विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश।

Public news surguja, com

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सरगुजा एवं सूरजपुर जिले के विभागीय कार्यों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें, गम्भीरता पूर्वक दायित्वों का करें निर्वहन- उपमुख्यमंत्री श्री साव

हमारे शहर हमारे प्रदेश की छवि और जिले की प्रतिष्ठा बनाते हैं, नगर की व्यवस्था दुरुस्त करने दिए निर्देश’

आगामी त्योहारों से पूर्व सड़कों का मरम्मत कार्य पूरा कर व्यवस्था सुधारने दिए गए निर्देश

अम्बिकापुर 07 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री श्री अरुण साव ने बुधवार शाम को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में सरगुजा जिले एवं सूरजपुर जिले की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभागीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। इस दौरान कलेक्टर सरगुजा श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल, सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, जिला पंचायत सरगुजा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव, जिला पंचायत सूरजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले, नगर निगम अम्बिकापुर आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश-
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सभी विभागों के अधिकारियों से योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्यालय की व्यवस्था सुधारने तथा साफ-सफाई पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों में प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया सेल बनाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे। अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें, गम्भीरतापूर्ण ढंग से दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की पावर पाईट प्रजेंटेशन के जारिए प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा-
उप मुख्यमंत्री ने नगरीय क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नगरीय निकायों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमारे शहर, हमारे प्रदेश की छवि और जिले की प्रतिष्ठा बनाते हैं। इसलिए नगर की व्यवस्था दुरुस्त करें, स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। हर घर तक नल पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, इस ओर कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि टेण्डर प्रकिया होने के बाद तुरंत कार्य शुरू हो जाए। प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा करें, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, अधिकारी अपने दायित्वों का गम्भीरतापूर्ण से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) प्राथमिकता का कार्य है, इसलिए सभी सीएमओ अक्टूबर माह तक प्रगतिरत निर्माण कार्यों को पूरा करें। उन्होंने राजस्व संग्रहण कार्य की हर माह समीक्षा करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद के कार्यों, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, 15वे वित्त आयोग, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा-
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और अधिकारियों को कार्यों की सतत समीक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। श्री साव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के बाद अब सड़कों की मरम्मत का कार्य करें।
इस दौरान भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों तथा अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़क एवं अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का सीधा प्रभाव आम लोगों के आवागमन पर पड़ता है, इसलिए निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। सड़कों की स्थिति की समीक्षा के दौरान कहा कि सड़क मरम्मत कार्य तेजी से हो, गड्ढे भरने एवं पैच मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द कर लिए जाएं। आने वाला समय त्यौहारों का समय है, इसलिए समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य हो, लोगों को असुविधा न हो।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की योजनाओं पर चर्चा-
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित पेयजल एवं अन्य योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल व्यवस्था, जलापूर्ति से संबंधित कार्यों तथा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया। पेयजल से संबंधित अधोसंरचना के रखरखाव एवं योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों पर चर्चा-
उप मुख्यमंत्री ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में खेल गतिविधियों, खेल अधोसंरचना तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाएं। खेल अधिकारी जिला पंचायत सीईओ एवं शिक्षा विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना बनाएं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल के संकुलवार एक-एक पीटआई को खेल गतिधियां संचालित करने के लिए चिन्हित करें।
इस दौरान सरगुजा ओलंपिक के रजिस्ट्रेशन की जानकारी ली गई तथा प्रचार-प्रसार में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने इसमें विभिन्न खेल संघो, खेल से जुड़े लोगों को शामिल करने कहा तथा अधिक से अधिक लोगों को हिस्सा लेने प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, मिलकर चलने का स्वभाव, रचनात्मकता की प्रेरणा देता है। इसलिए युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं।

कलेक्टर सरगुजा श्री वसंत ने कहा कि उप मुख्यमंत्री द्वारा बैठक में जो भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, विभागीय अधिकारी टीम भावना से कार्य करते हुए अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का बेहतर निर्वहन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *