लखनपुर विकासखंड में शराबबंदी की बयार, अब कुंवरपुर में तैयारी ।

Public news surguja, com

कंचनपुर, खरसुरा और केवरी के बाद कुंवरपुर में भी उठी पूर्ण शराबबंदी की मांग, ग्रामसभा की बैठक में शराब पीने-पिलाने और बनाने पर जुर्माना लगाने पर हुई चर्चा

लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड में इन दिनों शराबबंदी को लेकर जागरूकता की लहर देखने को मिल रही है। कंचनपुर, खरसुरा और केवरी के बाद अब ग्राम पंचायत कुंवरपुर में भी पूर्ण शराबबंदी की दिशा में पहल शुरू हो गई है। शराब के दुष्परिणामों से गांव और परिवारों को बचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामसभा की बैठक में बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट हुईं और पंचायत में शराबबंदी लागू करने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।

बैठक में ग्रामीणों ने गांव में शराब के सेवन, बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान शराब पीने-पिलाने और शराब बनाने वालों पर भारी जुर्माना लगाने का प्रस्ताव भी चर्चा में आया। ग्रामसभा में मौजूद महिलाओं और ग्रामीणों ने शराबबंदी को लेकर अपनी सहमति जताते हुए इसे गांव के सामाजिक वातावरण में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

महिलाओं की एकजुटता से बढ़ी शराबबंदी की उम्मीद

ग्राम कुंवरपुर में शराबबंदी को लेकर हुई इस पहल में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। ग्रामीणों का मानना है कि शराब की लत के कारण कई परिवारों को आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में गांव में शराबबंदी लागू होने से परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार, घरेलू विवादों में कमी और सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

बैठक में ग्राम पंचायत के सरपंच चमन सिंह, पंचों सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने शराबबंदी की पहल को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। हालांकि, ग्राम पंचायत में पूर्ण शराबबंदी लागू करने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाएंगे और प्रस्ताव को किस तरह अमलीजामा पहनाया जाएगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

अन्य गांवों के बाद कुंवरपुर पर टिकी निगाहें

लखनपुर विकासखंड के कंचनपुर, खरसुरा और केवरी सहित आसपास के क्षेत्रों में शराबबंदी को लेकर चल रही पहलों के बीच अब कुंवरपुर का नाम भी इस मुहिम से जुड़ता नजर आ रहा है। ग्रामीणों की एकजुटता और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से शराबबंदी की उम्मीद मजबूत हुई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ग्रामसभा में हुई चर्चा और लिए गए निर्णयों को धरातल पर उतारने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे। यदि ग्रामीणों की यह पहल प्रभावी रूप लेती है, तो कुंवरपुर में शराबबंदी की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण शुरुआत साबित हो सकती है। इस
ग्राम सभा की बैठक में सरपंच चमन सिंह,मनीता सिंह, उपसरपंच पंचम सिंह पैकरा पंच रामजतन मानमति, अन्य पंच गण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *