कलेक्टर ने लिया रामगढ़ महोत्सव की तैयारियों का जायजा

Public news surguja, com

29 एवं 30 जून को होगा दो दिवसीय आयोजन, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

अम्बिकापुर, 23 जून 2026/ आषाढ़स्य प्रथम दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले रामगढ़ महोत्सव 2026 के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने विकासखंड उदयपुर स्थित रामवनगमन पर्यटन परिपथ स्थल एवं विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला रामगढ़ पहुंचकर तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि रामगढ़ महोत्सव 2026 का आयोजन आगामी 29 एवं 30 जून को दो दिवसीय आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, पर्यटकों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने हेलीपैड, मुख्य मंच, पार्किंग व्यवस्था, पंडाल, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शनी एवं विभागीय स्टॉलों की तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने महोत्सव की तैयारियों की जानकारी लेते हुए विभागवार दायित्वों का निर्धारण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, आगंतुकों के लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था तथा आयोजन के सफल संचालन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री वीरेंद्र चौधरी, एसडीएम श्री रामराज सिंह, उदयपुर जनपद पंचायत सीईओ श्री वेद प्रकाश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *