कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया,10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का सरगुजा संभाग में शुभारंभ।

Public news surguja, com

*ब्रह्मकुमारीज के 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा  महाभियान का नव विश्व भवन  में हुआ उद्घाटन..*

*व्यसनी व्यक्तियों की अपराधी के बजाय बीमार की तरह करे संभाल* – *राजेश अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री, छ. ग. शासन*

अंबिकापुर, 2 अगस्त 2026:- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा नव विश्व भवन  में संस्थान के पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत नशामुक्त भारत अभियान का सरगुजा संभाग में  शुभारंभ छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मिनिस्टर राजेश अग्रवाल, संस्थान के अंबिकापुर सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, कांग्रेस युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह, कांग्रेस किसान मोर्चा के अध्यक्ष शैलेश सिंह, आर्ट ऑफ लिविंग के प्रभारी अजय तिवारी, समाजसेवी मंगल पांडे एवं वंदन दत्ता एवं सहायक पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल  ने दीप प्रज्वलन कर किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि युवा हमारे विकसित भारत के स्वप्न के आधार है परंतु आज युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति हम सभी के लिए घोर चिंता का विषय है। हम सभी को स्वयं भी नशे की आदतों से बचाना है एवं जो लोग नशा कर रहे हैं उनको अपराधी ना मानकर उन्हें  बीमार समझ कर उनकी संभाल करनी है और उन्हें नशे के चंगुल से मुक्त करना है । उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के लिए नशा मुक्ति युवा संकल्प अभियान से सभी को जुड़कर नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने का आवाह्न किया !
ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र की संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी ने 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान के बारे में बताया कि संस्थान द्वारा 10 करोड लोगों से नशा न करने और न करने देने की प्रतिज्ञा कराई जाएगी। इसके लिए संस्थान के सदस्य संभाग के लगभग 250 से भी अधिक विद्यालयों, कॉलेज, सामाजिक संगठनों ऑफिस, ग्रामों इत्यादि में नुक्कड़ नाटकों, प्रेरणादाई उद्बोधनो एवं अन्य साधनों द्वारा विद्यार्थियों एवं लोगों को नशा मुक्ति के लिए जागरूक करेंगे एवं एक लाख लोगों से नशा मुक्ति की  प्रतिज्ञा करवाने का लक्ष्य रखा गया है ! उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम मंदिरों में देवी देवताओं को पत्र पुष्प एवं फल का भोग लगाते है एवं नशे से संबंधित किसी भी पदार्थ का मंदिरों में प्रवेश भी वर्जित होता है, इस प्रकार हमारा शरीर भी एक मंदिर है जिसमें आत्मा रूपी देवता विराजमान है इसलिए हम स्वयं को भी नशे की किसी भी चीज का भोग नहीं लगा सकते। उन्होंने मोटरकार  के उदाहरण द्वारा भी लोगों को इस अमूल्य शरीर का महत्व समझाते हुए नशा न करने की प्रेरणा दी! नशे से मुक्ति के लिए राजयोग मेडिटेशन की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि राजयोग के निरंतर अभ्यास से हमारा मन शक्तिशाली और संयमित होता है जिससे हम सहज ही दुर्व्यसनो से मुक्त रहते हैं। तत्पश्चात उन्होंने उपस्थित समस्त जन समुदाय से नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा करवाई ।
कार्यक्रम में सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलोक सिंह ढिल्लों ने कहा कि आज आधुनिकता की जो परिभाषा समाज में प्रचलित हो रही है वह हमारे युवाओं को गलत दिशा में लेकर जा रहा है.. देश जिस आधुनिक समाज की ओर अग्रसर हो रहा है वह आधुनिकता हमारे संस्कार और हमारे संस्कृति से मिल नहीं खाती है। आज यदि हम अपने आसपास बच्चों और युवाओं को नशे में लिप्त होता देखकर मौन है तो इसका मतलब है कि हम भी इस गलत कृत्य में अपना सहयोग दे रहे हैं इसलिए उन्होंने सभी से इस प्रकार की घटनाओं की सूचना तुरंत ही पुलिस एवं पेट्रोलियम टीम को देने की अपील की!  आर्ट ऑफ लिविंग के अजय तिवारी ने कहा  कि नशे का मूल कारण वर्तमान समय भारतीय संस्कृति के पालन का अभाव है। उन्होंने सोशल पेरेंटिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज हमारे आसपास कोई भी बच्चा क्या कर रहा है इस बात का ध्यान समाज के हर व्यक्ति को रखना होगा। आज का युवा भूतकाल की घटनाओं एवं भविष्य की चिताओं के दबाव में नशे की ओर अग्रसर होता है जिससे मुक्ति का सबसे कारगर उपाय है ध्यान एवं मेडिटेशन।
कांग्रेस युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह, कांग्रेस किसान मोर्चा के अध्यक्ष शैलेश सिंह, समाजसेवी मंगल पांडे एवं वन्दना दत्ता ने भी सभा को संबोधित कर अपने विचार रखें।सहायक पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल ने सभी का आभार व्यक्त कर धन्यवाद ज्ञापित किया । कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों ने बहुत अच्छा नृत्य नाटिका प्रस्तुत किया गया जिसमें नशे के दुष्प्रभाव एवं उससे मुक्ति के उपाय बताए गए। ब्रह्माकुमारी रेखा बहन ने बहुत सुंदर गीत की प्रस्तुति दी, कवि संतोष दास जी सरल  ने युवाओं के ऊपर कविता सुना कर सभी युवाओं को जोश से भर दिया एवं ब्रह्माकुमारी ममता बहन ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *