दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति में ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर में रक्तदान शिविर संपन्न: 60 यूनिट रक्त एकत्रित।

Public news surguja, com


आर्ट ऑफ लिविंग के अजय तिवारी ने 111 वीं बार रक्तदान कर प्रस्तुत किया उदाहरण

ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी के 19वीं पुण्यतिथि (विश्व बंधुत्व दिवस) के उपलक्ष में संस्थान द्वारा भारत एवं नेपाल में 21 से 25 अगस्त तक रक्तदान शिविरों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में ब्रह्माकुमारीज के अंबिकापुर स्थित सेवा केंद्र नव विश्व भवन चोपड़ा पारा में 23 अगस्त को प्रात: 9 बजे से संध्या 6 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 80 रक्त दाताओं ने अपना पंजीयन कराया ।जिनसे 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर का उद्घाटन नगर पालिका निगम अम्बिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, विशिष्ट अतिथि डॉक्टर शैलेंद्र गुप्ता नाक कान गला रोग विशेषज्ञ जिला क्षय रोग अधिकारी सरगुजा, डॉ रोशनी, वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी आर्ट आफ लिविंग, वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय संयोजक नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान सरगुजा सह निर्देशक चिराग सोशल वेलफेयर सोसायटी , अनिल कुमार मिश्रा मुख्य कार्यकारी छत्तीसगढ़ प्रचार एवं विकास संस्थान सह समन्वयक नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान सरगुजा एवं ब्रह्माकुमारीज राजयोगिनी विद्या दीदी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने दादी प्रकाशमणि को श्रद्धांजलि अर्पित किया तथा रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन के विषम परिस्थितियों में अनेक बार रक्त की कमी के कारण अनेक व्यक्ति अपनी जान गवां बैठते हैं। परंतु इस प्रकार का आपका सहयोग किसी के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने इस प्रकार के आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारी संस्थान को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया। ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी ने बताया कि आज का दिन दादी जी के त्यागमय जीवन और उनकी उस अलौकिक दृष्टि को याद करने का है। जिसने विश्व भर के लाखों-करोड़ों मनों में शांति का प्रकाश फैलाया। दादी जी का जीवन ‘विश्व कल्याण’ और ‘सर्व की सेवा’ का जीवंत उदाहरण था। इसी निःस्वार्थ भावना को आगे बढ़ाते हुए आज यह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। “दादी जी सदा कहती थीं— “सबको प्यार दो, सबकी दुआएं लो।” आज का रक्तदान किसी अनजान को नया जीवन देकर उसकी दुआएं पाने का सबसे सशक्त माध्यम है। “दादी प्रकाशमणि जी को सच्ची श्रद्धांजलि केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर दी जा सकती है। आज का यह रक्तदान शिविर दादी जी के ‘विश्व-कल्याण’ के संकल्प को समर्पित एक विनम्र प्रयास है।
उन्होंने आगे बताया कि इस महाअभियान के अंतर्गत भारत के ब्रह्माकुमारीज़ संस्था द्वारा एक लाख यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है !शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की डॉक्टर रोशनी द्वारा रक्तदान के फायदे के बारे में बताते हुए कहा कि 18 से 60 वर्ष के आयु के कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान करने से शरीर में नया रक्त बनाने की प्रक्रिया तेज होती है। आयरन लेवल संतुलित रहता है और हृदय रोग का खतरा कम हो जाता है। एक यूनिट रक्त से तीन से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान के 24- 48 घंटे के भीतर शरीर में नया रक्त बनने लगता है। जिससे रक्त ताजा और स्वस्थ रहता है। विशिष्ट अतिथि डॉ शैलेंद्र गुप्ता नाक कान गला रोग विशेषज्ञ जिला क्षय रोग अधिकारी सरगुजा ने दादी जी के प्रति अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि रक्तदान एक बहुत ही पुण्य का काम है।किसी के जीवन को बचाना, किसी को नया जीवन देना अपने आप को बहुत ही संतुष्टि एवं खुशी प्रदान करता है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से रक्तदान की अपील की। वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्तदान हेतु सबसे पहले अपने परिवार के सदस्यों को प्रेरित करना होगा। वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी एवं युवा समाजसेवी अनिल कुमार मिश्रा ने भी रक्तदान करने हेतु उपस्थित समुदाय को सम्बोधित करते हुए प्रोत्साहित किया।इस शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लो, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सरगुजा राकेश बघेल, वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश प्रसाद जायसवाल ,पशुधन विकास विभाग के अतिरिक्त उपसंचालक डॉक्टर सी के मिश्रा, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी उमेश कुशवाहा, वरिष्ठ शिक्षक लल्लू भाई, युवा समाजसेवी अनिल कुमार मिश्रा, इरादा सच से आगे न्यूज़ चैनल से प्रकाश गुप्ता एवं बी के ममता बहन,बी के ज्योति बहन के साथ बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमार भाई- बहनों एवं समाज के हर वर्ग से लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में बड़ी संख्या में 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों ने रक्तदान किया जो सभी के लिए प्रेरणादायक है। वरिष्ठ समाजसेवी 63 वर्षीय अजय तिवारी ने अपने जीवन काल में अभी तक 110 बार रक्तदान किया था और इस शिविर में 111 वीं बार रक्तदान करके सभी के सामने एक उदाहरण रखा है। जो लोगों के अंदर रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर सभी को रक्तदान करने के लिए प्रोत्साहित करता है। रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को ब्रह्माकुमारीज की ओर से प्रमाण पत्र एवं ईश्वरीय सौगात तथा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदाय किया गया ।इस अवसर पर सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, वरिष्ठ समाजसेविका वन्दना दत्ता अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रतापपुर महालक्ष्मी कुलदीप, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ अरविंद, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ बी डी साहू एवं डॉ ज्योति साहू ने भी दादी जी को श्रद्धांजलि अर्पित कर लोगों को रक्तदान हेतु प्रोत्साहित किया ।शिविर में राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल की टीम द्वारा रक्त एकत्रीकरण किया गया जिसमें चिकित्सकों के साथ काउंसलर अंजुला मिश्रा, स्टाफ नर्स रीता थॉमस, जिला लैब टेक्नीशियन हरिहर सिंह, लैब टेक्नीशियन संध्या सिंह, ग्लोरिया तिर्की एवं संगीता पैकरा सम्मिलित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *