
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी के नेतृत्व में जिला सरगुजा में व्यापक स्तर पर साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में, इस सप्ताह विशेष रूप से बालिकाओं की सुरक्षा और सहभागिता को केंद्र में रखकर अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय एवं विवेकानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘साइबर जागृति अभियान’ का आयोजन किया गया। इन दोनों कार्यक्रम में लगभग 900 छात्र-छात्राएं एवं 40 शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को दी गई साइबर अपराधों की महत्वपूर्ण जानकारी :- कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी कर्मचारियों एवं साइबर एक्सपर्ट ने छात्र-छात्राओं को वर्तमान में बढ़ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों और उनसे बचने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।
सोशल मीडिया फ्रॉड:- फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर अनजान लोगों से दोस्ती न करने, अपनी निजी तस्वीरें साझा न करने और प्राइवेसी सेटिंग्स को मजबूत रखने की सलाह दी गई।
फिशिंग और फेक लिंक्स:- लॉटरी जीतने, मुफ्त रिचार्ज या नौकरी के नाम पर आने वाले संदिग्ध लिंक्स (URLs) पर क्लिक न करने के प्रति सचेत किया गया।
ओटीपी और बैंक धोखाधड़ी:- किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक अकाउंट नंबर, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या मोबाइल पर आया ओटीपी (OTP) शेयर न करने की सख्त हिदायत दी गई।
ब्लैकमेलिंग और साइबर बुलिंग:- यदि कोई सोशल मीडिया पर परेशान या ब्लैकमेल करे, तो डरने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया।
सुरक्षित उपाय:- साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) श्री अमोलक सिंह ढिल्लों, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, अधिकारी कर्मचारी, उप निरीक्षक अभय तिवारी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, स्वामी तन्मयानंद जी, प्राचार्य श्री नीरज सिंह, ‘नवा बिहान’ संस्था की ओर से श्री मंगल पांडे, श्री अजय तिवारी, श्री संतोष दास, आरक्षक अनुज जायसवाल, अमन पुरी, राहुल केरकेट्टा एवं अविनाश पासवान उपस्थित रहे।
