

पब्लिक न्यूज सरगुजा डॉट कॉम।
लुण्ड्रा, 09 जून 2026। समग्र शिक्षा अंतर्गत दिव्यांग बच्चों की पहचान एवं सर्वेक्षण कार्य को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने के उद्देश्य से विकासखंड स्त्रोत केंद्र (BRC) लुण्ड्रा में मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक संचालित हुआ।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मनीष कुमार, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री जे.पी. गुप्ता, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री अजय सिंह, विशेष शिक्षक श्री ओमप्रकाश द्विवेदी, बीआरपी श्रीमति शोभा लकड़ा सहित विकासखंड के सभी 44 संकुल शैक्षिक समन्वयक (CAC) उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दिव्यांगता के विभिन्न प्रकारों की पहचान, सर्वेक्षण प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही संधारण, पात्र बच्चों के चिन्हांकन, डेटा संकलन एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही समावेशी शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न शैक्षणिक एवं सहायक सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांग बच्चों की सही पहचान एवं समय पर सर्वेक्षण से उन्हें शासन की योजनाओं और शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ दिलाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने सभी मास्टर ट्रेनरों को अपने-अपने संकुल क्षेत्रों में प्रशिक्षण का प्रभावी प्रसार सुनिश्चित करते हुए सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने दिव्यांग बच्चों के शत-प्रतिशत चिन्हांकन एवं गुणवत्तापूर्ण सर्वेक्षण कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन विकासखंड स्त्रोत केंद्र लुण्ड्रा द्वारा किया गया।
