दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से शंभू बारी के परिवार को मिला आर्थिक संबल।

Public news surguja, com

प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता से जरूरी खर्चों में मिल रही मदद, प्रधानमंत्री आवास और महतारी वंदन योजना का भी मिल रहा लाभ

अम्बिकापुर, 08 सितंबर 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में आर्थिक सुरक्षा और मजबूती ला रही हैं। इसका उदाहरण उदयपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत पतरापारा निवासी शंभू बारी का परिवार है। भूमिहीन कृषि मजदूर शंभू बारी को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। यह राशि परिवार की दैनिक जरूरतों, बीमारी के समय उपचार तथा अन्य आवश्यक खर्चों में उपयोगी साबित हो रही है।

शंभू बारी ने बताया कि सीमित संसाधनों के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। नियमित आय का साधन नहीं होने से अचानक आने वाले खर्चों को पूरा करना कठिन होता था। ऐसे में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत मिलने वाली 10 हजार रुपये की वार्षिक सहायता उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी है। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग वे जरूरत के समय घरेलू एवं आवश्यक कार्यों में करते हैं।

शासन की अन्य योजनाओं से भी उनके परिवार को लाभ मिला है। भूमिहीन होने के कारण लंबे समय तक स्वयं का पक्का मकान नहीं होने की समस्या से जूझ रहे शंभू बारी को शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास मिला है। अब उनका परिवार अपने पक्के घर में सुरक्षित रूप से रह रहा है।

इसके साथ ही उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि मिल रही है। नियमित रूप से मिलने वाली यह राशि परिवार की छोटी-छोटी घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग कर रही है।
शंभू बारी ने कहा, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से हमें साल में 10 हजार रुपये मिलते हैं। यह राशि हमारे जरूरी कामों में बहुत मदद करती है। प्रधानमंत्री आवास योजना से घर मिला है और मेरी पत्नी को महतारी वंदन योजना से हर महीने एक हजार रुपये मिल रहे हैं।

उन्होंने इन योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से उनके परिवार को आर्थिक सहयोग के साथ पक्का आवास और बेहतर जीवन का आधार मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *