



भाजपा किसान मोर्चा ने सीतापुर एसडीओपी को सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कार्रवाई और किसानों को न्याय दिलाने की उठाई मांग
अंबिकापुर/सीतापुर, सरगुजा। केरजू प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति के तत्कालीन प्रबंधक स्वर्गीय दिनेश गुप्ता की आत्महत्या तथा समिति में सामने आए कथित फर्जी केसीसी ऋण घोटाले के मामले में पुलिस द्वारा पेटला सहकारी बैंक के तत्कालीन प्रबंधक भूपेंद्र सिंह परिहार सहित अन्य के विरुद्ध अपराध दर्ज किए जाने के बाद भाजपा किसान मोर्चा ने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं व्यापक जांच की मांग की है। इस संबंध में भाजपा किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सीतापुर एसडीओपी को ज्ञापन सौंपकर उचित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल निराला ने कहा कि यदि जांच में करोड़ों रुपये के फर्जी केसीसी ऋण स्वीकृत एवं वितरित होने के तथ्य सामने आए हैं, तो कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि उस समय के सभी जिम्मेदार अधिकारियों, जिनमें तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला रजिस्ट्रार, संबंधित सुपरवाइजर तथा ऋण स्वीकृति एवं निगरानी से जुड़े अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि इतने बड़े स्तर पर फर्जी ऋण वितरण हुआ है और समय-समय पर सहकारी संस्थाओं में फर्जी ऋण की शिकायतें सामने आती रही हैं, तो यह जांच का विषय है कि कहीं किसी स्तर पर लापरवाही, मिलीभगत अथवा कर्तव्य में चूक तो नहीं हुई। उन्होंने ऋण स्वीकृति से जुड़े अभिलेख, लोन अप्रूवल रजिस्टर, ऑडिट रिपोर्ट, डिजिटल अनुमोदन रिकॉर्ड तथा विभागीय पत्राचार की गहन जांच कर वास्तविक जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
अनिल निराला ने कहा कि यदि किसी कर्मचारी पर मानसिक दबाव बनाया गया या अनियमितताओं को छिपाने के कारण प्रतिकूल परिस्थितियां उत्पन्न हुईं, तो इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उपलब्ध दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल वित्तीय अनियमितता का नहीं, बल्कि किसानों के नाम पर हुए कथित फर्जीवाड़े और सरकारी योजनाओं की राशि के दुरुपयोग से जुड़ा गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में दोषियों को दंडित करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसानों के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी न हो और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र किसानों तक पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।
भाजपा किसान मोर्चा ने स्वर्गीय दिनेश गुप्ता के परिजनों को न्याय दिलाने, प्रभावित किसानों के हितों की रक्षा करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की है। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को पूरी गंभीरता से उठाएगा तथा दोषियों को सजा और किसानों को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा।
इस संबंध में भाजपा किसान मोर्चा ने सीतापुर एसडीओपी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई तथा पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
