अंबिकापुर की जर्जर सड़कों एवं रेल सेवाओं की बदहाली के खिलाफ माकपा ने उठाई आवाज।

Public news surguja, com

समयबद्ध सड़क मरम्मत और ट्रेनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग
अंबिकापुर, 1 सितंबर 2026।
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) सरगुजा जिला समिति, अंबिकापुर ने सरगुजा क्षेत्र में आम जनता को हो रही गंभीर समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन एवं रेलवे प्रशासन के समक्ष दो ज्ञापनों के माध्यम से मांगें रखी हैं। पार्टी ने अंबिकापुर शहर के आसपास की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत तथा क्षेत्र में रेल सेवाओं को समय-सारणी के अनुसार नियमित संचालित करने की मांग की है।
माकपा ने अपने ज्ञापन में कहा है कि 25 अगस्त 2026 को अंबिकापुर शहर के आसपास चारों ओर की एप्रोच सड़कें अत्यंत जर्जर होने, जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने तथा आवागमन के लायक नहीं रहने की स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया गया था। पार्टी ने मांग की थी कि 30 अगस्त 2026 तक सड़कों को कम से कम चलने योग्य बनाया जाए, लेकिन निर्धारित समय तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। सड़कों की हालत और अधिक खराब हो गई है तथा आम नागरिकों को दुर्घटना के खतरे के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।
माकपा ने कहा कि सड़कों पर गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है तथा लोगों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ रही है। पार्टी ने प्रशासन से सड़कों की तत्काल मरम्मत कराकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।
रेल सेवाओं की बदहाली पर भी जताई गंभीर चिंता
माकपा ने केंद्रीय रेल मंत्री सहित रेलवे के अधिकारियों को दिए ज्ञापन में कहा है कि पिछले लगभग 10–12 वर्षों से क्षेत्र में ट्रेनों का संचालन घोषित समय-सारणी के अनुरूप नहीं हो रहा है। वर्तमान में कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 18 से 20 घंटे तक विलंब से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में विशेष रूप से अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन क्रमांक 18242 के लगातार विलंब से चलने का उल्लेख किया गया है। सरगुजा संभाग के लोगों के लिए रायपुर जाने का यह अत्यंत महत्वपूर्ण साधन है। ट्रेन के विलंब से कार्यालयीन कार्य, शासकीय एवं निजी बैठकों में शामिल होने वाले लोगों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई परीक्षार्थी ट्रेन के विलंब के कारण निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
पार्टी ने बताया कि अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन कई महीनों से 5–6 घंटे विलंब से चल रही है। हाल ही में ट्रेन के विलंब के कारण रेलवे की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों की परीक्षा तक छूट गई। इसी प्रकार शहडोल-अंबिकापुर मेमू ट्रेन भी अनियमित एवं विलंब से चल रही है, जबकि यह छात्रों, कर्मचारियों एवं आम यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण परिवहन साधन है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि ट्रेनों के समय की अनिश्चितता के कारण प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ रहती है। यात्री निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंच जाते हैं, लेकिन ट्रेन कई घंटे बाद आती है। इस दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी होती है। कई स्टेशनों पर पर्याप्त पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय तथा खाने-पीने की उचित व्यवस्था भी नहीं होने की शिकायत की गई है।
माकपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
माकपा सरगुजा जिला समिति ने प्रशासन एवं रेलवे प्रबंधन से मांग की है कि—
अंबिकापुर शहर एवं आसपास की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
सड़कों को सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाया जाए।
अंबिकापुर से संचालित प्रमुख ट्रेनों का समय-सारणी के अनुसार नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए।
अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन क्रमांक 18242 को समय पर चलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
शहडोल-अंबिकापुर मेमू सहित अन्य ट्रेनों के संचालन में सुधार किया जाए।
रेलवे स्टेशनों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं अन्य यात्री सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
ट्रेनों के विलंब के कारण प्रतियोगी परीक्षार्थियों एवं आम यात्रियों को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि ट्रेनों का समय पर संचालन एवं यात्रियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो माकपा जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *